सर्दियों की धूप

सर्दियों की धूप मे कुछ दूर चलना चाहिए 
मन के आँगन से निकल, पुरानी डगर पर चलना चाहिए।
सर्दियों की धूप में कुछ दूर टहलना चाहिए…
हर दिन के उगते-डूबते भावों में ही क्यों बहना,
कभी-कभी मधुर यादों का बंद पिटारा भी टटोलना चाहिए।
उखड़े-बिखरे उधेड़बुन में न पड़कर,
स्मृतियों को नए रूप में सँजोना चाहिए।
सर्दियों की धूप में कुछ दूर टहलना चाहिए…

जाने-पहचाने चेहरों से अपनापन बटोरना चाहिए,
मन की मिट्टी को स्नेह-जल से सींचना चाहिए।
हर बार जीवन-सागर में कुछ और गहरा उतरना चाहिए,
अनमोल से इन पलों को मन में समेटना चाहिए।
सर्दियों की धूप में कुछ दूर टहलना चाहिए…

क्यों सिसकना, क्यों बिखरना—हमको तो सँभलना चाहिए,
मुस्कराती, खिलखिलाती सारी यादें चुनना चाहिए।
अपनों के जीवन में उमंगों के रंग भरना चाहिए,
मन के कोनों में आशा का दीप जलना चाहिए।
बीते मौसम की खुशबू को फिर से सँजोना चाहिए,
नरम धूप तले फिर पुराने किस्सों में खोना चाहिए।
सर्दियों की धूप में कुछ दूर टहलना चाहिए…

रायगढ़ - १३ नवम्बर २०२४