जीवन के हैं कितने नाम

बिना पाँव के हर दिन आता, 
चलता समय अनंत अविराम |
युग-युग से बहते हर पल में,
प्रतिक्षण प्रतिपल नवीन आयाम |
जीवन के हैं कितने नाम,
जीवन के हैं कितने नाम |

बचपन की है अपनी बानी,
खेल खिलौने और नादानी |
रंग-बिरंगे सपनों के संग,
अल्हड़ यौवन की कुछ मनमानी |
बहता जाता समय और संग,
होती जाती उम्र सयानी |
हर पल बदलते इस दर्पण में, ढूंढू मैं अपनी पहचान |
जीवन के हैं कितने नाम,
जीवन के हैं कितने नाम |

यूं तो हर दिन एक सा दिखता,
चुपके से, पर नए रूप है गढ़ता,
साँसो में उमंगों के स्वर और,
तन मन में प्राण ऊर्जा भरता |
स्मृतियों और अनुभावों को देता,
नित्य नए उपमान |

ऐसे ही मन के तारों को सुलझाते,
गाती हूँ मैं कुछ मधुर सी तान |
जीवन के हैं कितने नाम,
जीवन के हैं कितने नाम |