शब्दों का बंधन अनूठा है,
इनके साथ मेल हर मेल से मीठा है।
ये पल में अंबर की ऊँचाई छू आते हैं,
ये पल में मन के सागर में गहरे उतर जाते हैं।
ये चलते हैं अनजानी राहों में,
और जुगनुओं-से जगमग झिलमिलाते हैं।
ये कभी अनायास ही मन में उभरने लगते हैं,
और कभी छुपकर मन को कितना छलते हैं
ये सदियों में चलकर कुछ यादें ले आते हैं,
ये कल्पनाओं के जाने कितने नगर बसाते हैं।
स्वप्नों को कुछ और सजीला बनाते हैं,
मन में आशा के दीपक जगाते हैं।
उड़ना सिखाते हैं, जीवन बनाते हैं,
भटकते से मन को दिशा दिखाते हैं।
गिरकर सँभलना भी इन्हीं से सीखा है,
जीवन को मैंने इन शब्दों से सींचा है।
बिखरे से भावों को न जाने कितनी बार,
इन्हीं शब्दों ने स्नेह से समेटा है।
शब्दों का बंधन अनूठा है,
इनके साथ मेल सबसे मीठा है।
१६ जून २०२५ (हैदराबाद)